महाराष्ट्र समेत इन 4 राज्यों से आने वालों के लिए जरूरी होगी निगेटिव कोरोना रिपोर्ट: बंगाल सरकार
कोलकाता
कई महीनों तक कम मामले सामने आने के बाद एक बार फिर से कोरोना ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। कुछ राज्यों में एक बार फिर से मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं, जिसके चलते सख्ती लागू की जाने लगी है। इसी सिलसिले में पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को अहम कदम उठाते हुए चार राज्यों से आने वाले यात्रियों के लिए निगेटिव कोरोना रिपोर्ट जरूरी कर दी है। महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना और केरल से आने वाले लोगों के लिए निगेटिव आरटी-पीसीआर टेस्ट जरूरी होगा। फैसले के बारे में जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने बताया, ''बंगाल सरकार ने महाराष्ट्र, केरल और दो अन्य राज्यों से हवाई मार्ग से आने वाले यात्रियों के लिए कोविड-19 निगेटिव रिपोर्ट दिखाना अनिवार्य कर दिया है।'' दिल्ली सरकार ने भी महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और केरल से आने वाले लोगों के लिए 26 फरवरी से 15 मार्च तक निगेटिव कोरोना रिपोर्ट लाना अनिवार्य कर दिया था। दरअसल, बीते करीब एक सप्ताह में सामने आए कोरोना के कुल मामलों में से 86 पर्सेंट केस इन्हीं राज्यों से सामने आए हैं।
महाराष्ट्र में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। यह वृद्धि बुधवार को भी जारी रही और राज्य में संक्रमण के 8,807 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 21,21,119 हो गई। इसके अलावा, एक दिन में 80 और मरीजों की मौत भी हुई है। कोरोना के बढ़ते मामलों की वजह से महाराष्ट्र में कई जगह पर सख्ती भी लागू की गई है। उधर, चुनावों से पहले पश्चिम बंगाल के लोगों को मुफ्त में कोविड-19 का टीका लगवाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चिट्ठी लिखकर राज्य को टीका उपलब्ध कराने में मदद का अनुरोध किया। पत्र में दीदी ने कहा कि हम आपसे अनुरोध करते हैं कि कृपया उचित प्राधिकार के समक्ष यह मामला उठाइये जिससे राज्य सरकार शीर्ष प्राथमिकता के आधार पर तय स्थानों से टीका खरीद सके क्योंकि पश्चिम बंगाल सरकार सभी लोगों को मुफ्त में टीका देना चाहती है।

पाठको की राय